राम झूठ न बुलवाये !
हररोज़ की तरह आज घर से काम के लिए निकला तो ट्रैफिक कुछ कम था। ये तो आप जानते ही हैं कि हरियाणा आरक्षण की आग में जल रहा है। सभी रास्ते जाम हो चुके हैं। अधिकतर रेल गाड़ियां रद्द हो चुकी हैं। रोहतक और भिवानी में आंदोलन ने उग्र रूप धारण कर लिया है। रोहतक ,भिवानी, झज्जर और जींद में कर्फ्यू लगा दिया गया है। हरियाणा अपने पड़ौसी राज्यों पंजाब ,राजस्थान ,दिल्ली और उतर प्रदेश से बिलकुल कट सा गया है।
इस आंदोलन में अब तक पांच लोगों की मृत्यु का समाचार है। आगजनी जारी है और सरकारी व प्राइवेट गाड़ियों तथा सम्पति को आग के हवाले किया जा रहा है। अधिकतर मोर्चों की कमान उग्र युवाओं के हाथ में है। सेना बुलवा ली गई है। सेना Flag मार्च कर रही है। HTET और CTET की परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं।
नेता अपने अपने ढंग से शांति बनाये रखने की अपील कर रहे हैं। राजनीती गर्म हो गई है। कुछ नेताओं द्वारा राजनीतिक रोटियां सेकने में कोई गुरेज़ नहीं किया जा रहा।
G . T . Road पर गाड़ियों का पहिया थम सा गया है। दोपहर वापिस घर लौटा तो कर्फ्यू जैसा माहौल लगा। हालांकि मेरे शहर करनाल में अभी शांति बनी हुई है। स्कूलों में आज छुट्टी की घोषणा कर दी गई। कुछ स्कूलों के अध्यापक करनाल में आयोजित सरस मेला घूम आये। अध्यापक आरक्षण से बेख़बर सेल्फ़ी खिंचवाने में मशगूल थे।
नुक्क्ड़ और चाय के खोखों पर लोग चाय की चुस्की लेते हुए इस पर अपने ढंग से तप्सरा कर रहे हैं। पानीपत टोल प्लाज़ा को आग के हवाले किए जाने की ख़बर से लोग खुश हैं। खुसफुस करते हुए कहने लगे कि कितना अच्छा हो अगर सभी टोल प्लाज़ा फूंक दिए जाएं। अधिकतर लोग इसे आरक्षण के ज़रिए जाट और एंटी जाट के शक्ति परीक्षण के रूप में परिभाषित कर रहे हैं।
राम झूठ न बुलवाये - आम आदमी स्तब्ध है ! आम आदमी को आरक्षण नाम की इस चिड़िया के मायने समझ नहीं आ रहे हैं !
No comments:
Post a Comment